भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए दुआओं का दौर शुरू हो गया है। रामनगरी अयोध्या में पूर्व बाबरी मस्जिद पक्षकार इकबाल अंसारी ने अपने परिवार के साथ भारतीय टीम की जीत के लिए खास दुआ की। इकबाल अंसारी ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और इस महीने में की गई दुआ अल्लाह जरूर कबूल करता है। इसी भावना के साथ उन्होंने अपने परिवार के साथ भारत की जीत और विश्व कप फाइनल में कामयाबी की कामना की। इकबाल अंसारी का कहना है कि आज भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से है और पूरे देश की तरह अयोध्या में भी लोग भारतीय टीम की जीत के लिए दुआ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि भारतीय क्रिकेट टीम आज फाइनल मुकाबला जीतकर देश का नाम रोशन करेगी। आपको बता दें कि आज टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस बड़े मुकाबले को लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है, वहीं रामनगरी अयोध्या में भी लोगों ने टीम इंडिया की जीत के लिए दुआएं मांगी हैं।