श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से शेषावतार मंदिर में 23 जून को आयोजित होने वाले ध्वजारोहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। समारोह में प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शाम छह बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम में संत-महात्माओं, विशिष्ट अतिथियों और श्रद्धालुओं सहित 3500 से छह हजार तक लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर टेंट, मंच, सुरक्षा, अतिथि स्वागत और बैठक व्यवस्था की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। विश्व हिंदू परिषद के शरद शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम पूर्व निर्धारित रूपरेखा के अनुसार भव्यता के साथ संपन्न होगा।