सावन मेले को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए डीआईजी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर फुलप्रूफ इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। डीआईजी सोमेन बर्मा ने बताया कि सावन मेले में देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। इसलिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। आसपास के जिलों से डायवर्जन लागू किया जाएगा। अन्य जिलों से 20 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया जाएगा, जो कांवड़ यात्रा के रूट पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। पुलिस के अलावा, अर्द्धसैनिक बल, एटीएस, पीएसी के जवान तैनात किए जाएंगे। खुफिया एजेंसियां भी इनपुट तलाशेंगी। घाटों पर भी पुलिस कर्मियों को अलर्ट किया गया है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ आदि की टीम मुस्तैद की गई है। कांवड़ियों से अपील है कि निर्धारित रूट से ही यात्रा करें और प्रशासन की ओर से बनाए गए शिविरों में ही आराम करें।