आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। एक होटल के सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान अयोध्या की सरयू नदी से प्रयागराज में गंगा के संगम तक होने वाली पदयात्रा का ऐलान किया। 12 नवंबर को सरयू घाट से सामाजिक न्याय यात्रा शुरू होगी। 24 नवंबर को प्रयागराज संगम पर ये यात्रा समाप्त होगी। यात्रा का उद्देश्य बेरोजगारी, आर्थिक संकट और सामाजिक अन्याय के खिलाफ जनजागरण करना है। संजय सिंह ने बताया कि यात्रा में युवा, किसान, शिक्षक और समाज के सभी वर्ग शामिल होंगे। दिल्ली ब्लास्ट पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि लाल किले के आतंकी हमले में नौ लोगों की मौत हो गई। कई गंभीर रूप से घायल हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूटान यात्रा पर हैं। ऐसे समय में पीएम को विदेश यात्रा रद्द कर देश की चिंता करनी चाहिए थी। संजय सिंह ने कहा कि भारत में कोई भी आतंकी हमला युद्ध माना जाएगा। बिहार चुनाव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि एसआईआर के जरिये बड़ा चुनावी घोटाला हुआ है। 80 लाख वोट काटे गए। पांच लाख डुप्लीकेट वोट, एक लाख फर्जी नाम, 315 विदेशी नागरिकों के नाम भी सूची में मिले। इसका परिणामों पर भी असर पड़ेगा या नहीं, यह बड़ा सवाल है।