नया घाट पर सरयू स्नान करने आए तीन युवक बृहस्पतिवार की सुबह नदी में लापता हो गए। उनकी तलाश में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम में जुटी हुई है। अब तक उनका पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार बस्ती शहर के रहने वाले लकी, किशन सोनी, अभिषेक कुमार, अमित कुमार और राज गुप्ता बृहस्पतिवार की सुबह सरयू स्नान करने आए थे। लकी और किशन सोनी आरती स्थल के सामने स्नान करने लगे, लेकिन अन्य तीन साथी नदी पार करते हुए गोंडा की सीमा की तरफ बढ़ गए। इस बीच वह डूबने लगे तो अन्य दोनों साथियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ आशुतोष तिवारी, अयोध्या कोतवाल पंकज सिंह आदि ने जल पुलिस के साथ उनकी खोज शुरू की लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चल सका है।