मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सोहावल विकासखंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बीकापुर विधानसभा क्षेत्र को 432 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए खिरौनी सोहावल नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला देवी नगर पंचायत तथा भरतकुंड-भदरसा नगर पंचायत का नाम भरत नगर भरतकुंड किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने विकासखंड परिसर में स्थापित स्व मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी किया। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाभियां सौंपीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।