राम मंदिर निर्माण के आखिरी चरण के बीच एक बार फिर से राजनीति गरमा गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरे रहे पूर्व सांसद विनय कटियार ने प्रस्तावित धन्नीपुर मस्जिद को लेकर बड़ा और विवादित बयान दिया है। पूर्व सांसद विनय कटियार ने कहा है कि हम धन्नीपुर मस्जिद को नहीं जानते हैं। वहां कुछ बनने वाला नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि जो लोग अयोध्या में मस्जिद बनाने की बात कर रहे हैं वो सब हमारी तरफ से खारिज हैं और ऐसा होकर रहेगा। यही नहीं, उन्होंने ये तक कह दिया कि अयोध्या में मस्जिद बनवाने वाले सरयू पार चले जाएं, गोंडा या बस्ती चले जाएं। अयोध्या राम की नगरी है, यहां सिर्फ राम मंदिर है। विनय कटियार के इस बयान ने एक बार फिर अयोध्या के माहौल को राजनीतिक और धार्मिक दृष्टि से संवेदनशील बना दिया है। ध्यान रहे, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है और धन्नीपुर गांव में मस्जिद के लिए सरकार की ओर से पांच एकड़ जमीन दी गई थी।