खिड़की अलीबेग क्षेत्र के ऋषि टोला चौराहे पर दो दिन पहले हुई बारिश का पानी अब तक नहीं निकल सका है। यह मार्ग दो विद्यालयों, एक कोचिंग सेंटर, टीवी क्लीनिक, अस्पताल, कॉलोनी और पुलिस लाइन को जोड़ता है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाले का लेवल सही न होने और उस पर हुए अतिक्रमण के कारण नियमित सफाई नहीं हो पाती, जिससे हर बारिश में जलभराव की समस्या विकराल हो जाती है। भाजपा नेता सुप्रीत कपूर ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। कोचिंग संचालक नीरज श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से लोग इस परेशानी को झेल रहे हैं। पटरी दुकानदार अरविंद शुक्ला ने बताया कि जलभराव के कारण ग्राहक कम आते हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि गंदा पानी बीमारियों को भी बढ़ावा दे रहा है।