राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 25 नवंबर की ही शाम अयोध्या में श्रीराम विवाहोत्सव के मौके पर निकलने वाली राम बरात की भी फिक्र रही। इसीलिए उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि समारोह के चलते इसमें कोई व्यवधान न आने पाए। इसे प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने सीएम योगी की बैठक में दिए गए निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि उनके मार्गदर्शन में ही ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों की शुरुआत में कार्ययोजना बनाई गई थी। आज सीएम ने उसी की अब तक की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। अयोध्या धाम की स्वच्छता और सजावट पर उनका मुख्य फोकस रहा। उन्होंने निर्देश दिए कि अयोध्या और प्रदेश का कोई भी व्यक्ति इस भव्य आयोजन से अछूता न रहने पाए। समारोह के दिन ट्रैफिक प्रबंधन उच्च स्तर का किया जाए। डीएम के अनुसार सीएम ने निर्देश दिए कि जब यह कार्यक्रम हो रहा हो तो शहर इसके लिए तैयार दिखना चाहिए। सभी रास्तों, चौक-चौराहों, मंदिर और अन्य स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए। बेहतर साज-सज्जा की जाए, जिससे देश-दुनिया को यहां की अलौकिकता का अहसास हो। फुंडे ने कहा कि सीएम के सभी निर्देशों पर तत्काल प्रभाव से अमल की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी विभागों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों और नागरिक समूहों से भी सहयोग लिया जाएगा।