हनुमान जयंती के पावन अवसर पर दो अप्रैल को राम मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर के शिखर पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और संतों से लेकर बजरंग दल के प्रमुख कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। पूर्व सांसद व भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय कटियार ने कहा कि हनुमान मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है, जिसे इस बार भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों की मौजूदगी में यह आयोजन और भी शुभ होगा। साथ ही उन्होंने काशी और मथुरा में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि दो अप्रैल को सुबह 11 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बजरंग दल के पूर्व संयोजकों और राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े 12 से 13 प्रमुख कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में करीब 150 लोग शामिल होंगे। साथ ही परकोटा क्षेत्र के अन्य मंदिरों पर भी क्रमवार ध्वजारोहण किया जाएगा, जिनमें शिव, गणेश और दुर्गा मंदिर शामिल हैं।