अयोध्या के रूदौली तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से कैथी माझां गांव चारों तरफ पानी से घिर गया है। अमर उजाला की टीम सल्लहापुर गांव से सरकारी नाव के जरिए कैथी माझां पहुंची, जहां चारों तरफ पानी ही पानी नजर आया। गांव की फसलें जलमग्न हैं और आने-जाने के सभी रास्ते पानी में डूबने से बंद हो चुके हैं। कैथी माझां में करीब 85 परिवार रहते हैं। गनीमत है कि अभी तक बाढ़ का पानी घरों में नहीं घुसा है, लेकिन पशुओं के चारे की समस्या बढ़ने लगी है। तहसील प्रशासन की ओर से राशन किट और पशुओं के लिए भूसा वितरित किया गया था लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि राहत सामग्री और भूसा अब खत्म होने की कगार पर है। बाढ़ के बीच गांव में लगी सोलर लाइटें भी खराब पड़ी हैं। रात होते ही कैथी माझां में अंधेरा छा जाता है। चारों तरफ पानी और बंद रास्तों के बीच खराब सोलर लाइटों ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है। कैथी माझां निवासी संतोष यादव ने बताया कि धान की फसल पानी में डूब गई है। गांव में लगी सोलर लाइटें खराब होने से रात में काफी परेशानी होती है।