नगर निगम की लापरवाही के कारण महाराणा प्रताप वार्ड के बनवीरपुर में कूड़े का ढेर लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। पिछले छह महीने से निगम की ओर से यहां लगातार कूड़ा डाला जा रहा है और पिछले करीब एक सप्ताह से इसमें आग सुलग रही है, जिससे आसपास के इलाके में धुआं और बदबू फैल रही है। इससे कुछ ही दूरी पर आबूसराय में नगर निगम का एमएफआर सेंटर भी स्थित है। इसके बावजूद यहां नियमित रूप से कूड़ा डंप किया जा रहा है। गायत्री नगर निवासी पंकज पांडेय और अभिषेक वर्मा ने बताया कि कूड़े में लगी आग से निकलने वाला धुआं पूरे इलाके में फैल रहा है। इसके कारण सांस लेने में परेशानी हो रही है और दुर्गंध से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। बनवीरपुर निवासी अखिलेश वर्मा ने बताया कि उनके घर के पास ही यह कूड़े का ढेर लगा हुआ है। यहां से कुछ ही दूरी पर राजकीय महिला पॉलिटेक्निक और दो से तीन निजी स्कूल भी संचालित हैं। कूड़े में लगी आग से छात्राओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इस संबंध में अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने बताया कि दो मार्च को किसी अवांछित व्यक्ति ने कूड़े में आग लगा दी थी, जिसे बुझा दिया गया था। छह मार्च को फिर से किसी ने आग लगा दी है। आग बुझाने के लिए नगर निगम की टीम को मौके पर भेजा गया है।