तारुन। ग्राम पंचायत शिवरामपुर में बिजली के शॉर्ट सर्किट से गेहूं के खेत में आग लग गई, जिससे एक किसान की करीब डेढ़ बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से आसपास की फसलें बचा ली गईं। शिवरामपुर के प्रधान प्रतिनिधि धनंजय सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर में विजली की शार्ट सर्किट से रमेश यादव के खेत में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल गई और तैयार गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। आग की सूचना मिलते ही चरावा व शिवरामपुर के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बाल्टी, पानी व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे अन्य खेतों में खड़ी फसलें जलने से बच गईं। नायब तहसीलदार बीकापुर रामखेलावन ने बताया कि सूचना मिलते ही राजस्व टीम को मौके पर भेज दिया गया है। नुकसान का आकलन कराया जा रहा है और नियमानुसार प्रभावित किसान को सहायता दिलाने की प्रक्रिया की जा रही है।