भूटान के बाद अब भारत और मॉरीशस के रिश्तों में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र राम गुलाम परिवार सहित भारत यात्रा पर हैं। इस दौरान वह 12 सितंबर को अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि में रामलला के दर्शन करेंगे। उनके आगमन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। डॉ. राम गुलाम बुधवार शाम वाराणसी पहुंचे गए हैं। इसके बाद 11 सितंबर को वाराणसी में ही उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। वार्ता में भारत और मॉरीशस के बीच आपसी सहयोग और साझेदारी को और बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। अयोध्या दौरे को लेकर प्रदेश के कृषि और अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री राम गुलाम के स्वागत के लिए भव्य इंतजाम किए जा रहे हैं। जनवरी 2024 में भव्य राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह दूसरा अवसर होगा, जब कोई विदेशी राष्ट्राध्यक्ष स्तर का नेता अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए आ रहा है। अभी एक सप्ताह पहले ही भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे पांच सितंबर को रामलला के दर्शन कर चुके हैं। ऐसे में एक ही महीने में दो शीर्ष विदेशी प्रधानमंत्रियों का अयोध्या आना, रामनगरी की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान और सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाता है।