रामनगरी को त्रेता युग की अयोध्या के रूप में प्रदर्शित करने के लिए लगातार प्रदेश सरकार काम कर रही है। एक बार फिर योगी सरकार की ओर से अयोध्या में पौराणिक त्रेता युग की भौगोलिक साक्ष्य सरयू के तट को रामायणकालीन बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए यहां पर निर्माण कार्य यूपीपीसीएल की तरफ से किया जा रहा है। सरयू नदी का घाट और सरयू आरती स्थल आकर्षण का केंद्र होगा। आरतीस्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्थाएं होंगी तो अब तक पांच वेदी से होने वाली मां सरयू की आरती अब नौ वेदी से की जाएगी। इतना ही नहीं घाटों पर तीर्थ पुरोहितों के बैठने की व्यवस्था के साथ गो पूजन के लिए गायों के बांधने के लिए अलग व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि अयोध्या रामायणकालीन दिखाई दे। शायद यही वजह है कि रामनगरी के प्राचीन चौक चौराहे अयोध्या की शोभा बढ़ा रहे हैं। अब सरयू के तट पर भी विशेष तैयारी योगी सरकार की ओर से की जा रही है।