भगवान राम की नगरी में नौतपा के दौरान भगवान को गर्मी से निजात दिलाने के लिए भगवान श्रीराम के पिता के महल यानी कि दशरथ राजमहल में फूल बंगले की झांकी सजाई गई है। फूल बंगले की झांकी भगवान राम के आंगन में दो वजह से सजाई गई है, एक तो भगवान रामलला के मंदिर में राम दरबार की स्थापना होने जा रही है, ऐसे में संतों में उत्साह है। संत समाज का कहना है कि ऐसा सनातन काल जीवन में फिर देखने को मिले या ना मिले। ऐसे में हम भगवान राम के दरबार राम मंदिर में स्थापित होने का उत्सव मना रहे हैं। वहीं, भगवान को गर्मी से निजात मिले और गर्मी का प्रकोप आम जनमानस के लिए भी ईश्वरीय शक्ति से कम हो। हम भगवान को फूलों की शीतलता दे रहे हैं। जब तपिश बढ़ती है तो भगवान को अलग-अलग तरह के सुगंधित पुष्पों की शीतलता दी जाती है और भगवान से प्रार्थना की जाती है कि भगवान तपिश को कम करें ताकि आमजन को भी राहत मिले। दूरदराज से अयोध्या पहुंचे श्रद्धालु भी उत्साहित हैं। रामनगरी में मनाए जा रहे उत्सव का आनंद ले रहे हैं। हर तरफ भक्ति और आराधना के बीच राम मंदिर से लेकर दशरथ राजमहल तक हर जगह अलग-अलग खूबसूरती देखने को मिल रही है। यह उत्सव, यह आनंद मन को भावविभोर कर दे रहा है।