अयोध्या में आज दूरदुरिया कार्यक्रम के साथ 12 दिवसीय अयोध्या महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। यह महोत्सव 5 जनवरी 2026 तक चलेगा। शुभारंभ अवसर पर सैकड़ों नारी शक्तियों ने माता अवसान की विधिवत पूजा-अर्चना कर अयोध्या महोत्सव की सफलता के साथ-साथ प्रदेश और देश की समृद्धि की कामना की। दूरदुरिया कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल मातृ शक्तियों ने धार्मिक अनुष्ठान कर महोत्सव की मंगल शुरुआत की। इस मौके पर राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत मातृ शक्तियों की आराधना से होती है। उन्होंने कहा कि एकता के साथ किया गया कार्य ही मजबूत होता है और सामूहिक प्रयास से ही हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।मातृ शक्तियों ने कहा कि भगवान श्रीराम ने भी किसी भी शुभ कार्य से पहले मातृ शक्तियों की पूजा की थी, जिससे सभी कार्य सफल हुए। आज उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए दूरदुरिया कार्यक्रम से अयोध्या महोत्सव की शुरुआत की गई है। अयोध्या महोत्सव में विभिन्न लोककला प्रतियोगिताएं, माटी कला से संबंधित प्रदर्शनी, भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियां, कवि सम्मेलन सहित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अयोध्या महोत्सव न्यास द्वारा आयोजित यह महोत्सव शहर के फार एवर लॉन में आयोजित किया जा रहा है।