कर्नाटक भारत गौरव काशी दर्शन स्पेशल ट्रेन वाराणसी से होते हुए बुधवार को सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के बाद स्थानीय रेल अधिकारियों ने नाश्ते व चाय की व्यवस्था की। ट्रेन से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के नारे भी लगाए। रेल यात्री जगदीश्वर ने बताया कि 750 यात्री 13 दिसंबर को स्पेशल ट्रेन से कर्नाटक के मदुरई स्टेशन से चले। वाराणसी में काशी विश्वनाथ का दर्शन करने के बाद आज वह सभी अयोध्या जा रहे हैं। अयोध्या में सरयू में स्नान करने के बाद वह सभी राम लला के दर्शन-पूजन करेंगे। वहां से सभी हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करने के बाद स्पेशल ट्रेन से प्रयागराज संगम जाएंगे। वहां पर तीर्थ स्थलों पर दर्शन-पूजन के बाद वह सभी स्पेशल ट्रेन से वापस कर्नाटक के लिए रवाना होंगे। वाराणसी में काशी विश्वनाथ का दर्शन करके बहुत अच्छा लगा। यात्रियों में किरण, सुधींद्र, पदमा, रविकुमार, सत्यनारायण, हेमंत कुमार, भाग्यलक्ष्मी समेत अन्य लोग शामिल रहे। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि यात्रियों के जलपान की व्यवस्था की गई। यात्रियों के स्वागत व्यवस्था में ज्योति स्वरूप श्रीवास्तव, आसिम सज्जाद, रईस अहमद, दिनेश चौरसिया सहित अन्य रेलवे कर्मचारी लगे रहे।