कोतवाली रुदौली पुलिस और एसओजी टीम को ट्रैक्टर–ट्रॉली चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करने में बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई के तहत पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से ट्रैक्टर–ट्रॉली चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई एक ट्रैक्टर और ट्रॉली बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि कोतवाली रुदौली क्षेत्र के शुजागंज गांव में एक घर के बाहर खड़ी ट्रैक्टर–ट्रॉली चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर चोरों की पहचान की गई। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना कबूल की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी हुई ट्रैक्टर–ट्रॉली के साथ एक अन्य ट्रॉली भी बरामद की गई, जिसे बाराबंकी का बताया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्यों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।