रामनगरी अयोध्या में रविवार को महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देते हुए मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला पुलिस कर्मियों ने स्कूटी रैली निकाली। पुलिस लाइन से आईजी प्रवीण कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर आईजी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करना है ताकि वे अपने अधिकारों को पहचान सकें और हर स्थिति में आत्मविश्वास से खड़ी रह सकें। महिला पुलिस कर्मी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देंगी। इसमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, सीएम हेल्पलाइन 1076 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 प्रमुख है। साथ ही मोबाइल पर पैनिक बटन और आपातकालीन कॉल की भी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना जैसी योजनाओं की जानकारी पंफलेट के माध्यम से दी जाएगी। आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि आने वाले त्योहारों के दौरान महिला पुलिस कर्मियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होगी। मिशन शक्ति अभियान के जरिये पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है।