17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के दिन महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहला यात्री सेवा दिवस मनाया जाएगा। देश के सभी हवाई अड्डों पर यह दिवस मनाया जाता है, लेकिन अयोध्या एयरपोर्ट के लिए यह खास अवसर होगा क्योंकि यहां पहली बार इस समारोह का आयोजन हो रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और बाधा रहित सेवाएं उपलब्ध कराना है। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि इस दिन यात्रियों को सहज और सुरक्षित यात्रा अनुभव दिलाने पर विशेष ध्यान रहेगा। कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट परिसर में कई आकर्षक आयोजन होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। वहीं, स्कूल के बच्चों की ओर से चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिससे बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलेगा। यात्रियों और स्टाफ के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा। साथ ही एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा, जो पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा। सबसे खास बात यह होगी कि एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों का स्वागत पारंपरिक अंदाज में माथे पर तिलक लगाकर सम्मान के साथ किया जाएगा।