भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तान पर दिखाए गए पराक्रम पर अयोध्या के संतों में खुशी है। जगह-जगह तिरंगे लेकर भारत माता के जयकारे लगाए जा रहे हैं तो मिठाइयां बांट कर उल्लास का इजहार किया जा रहा है। पाकिस्तान की सीमा पार चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर से अयोध्या में उत्साह दिख रहा है। पाकिस्तान में आतंकी संगठनों के ठिकानों को टारगेट किए जाने के बाद अयोध्या में 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध में इस्तेमाल हुए टैंक T-55 भीम का पूजन तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर जगदगुरु परमहंस आचार्य ने किया। साकेत महाविद्यालय में भारत पाकिस्तान युद्ध में 1971 में इस्तेमाल हुए टैंक को रखा गया है। पूजन के बाद तिरंगे को सलामी भी दी गई। दूसरी तरफ हनुमानगढ़ी की सागरिया पट्टी के उत्तराधिकारी महंत संजय दास ने संतों में मिठाई बांट कर खुशी जताई और कहा कि जिस तरह से हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा गया था, हमारी सेना ने उसका बदला ले लिया है। अयोध्या के संत पीओके को भारत में शामिल करने के लिए मंदिरों में प्रार्थना कर रहे हैं।