रामनगरी अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि परिसर में कथित दान गबन मामले की जांच कर रही एसआईटी टीम बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी मंदिर परिसर पहुंची। टीम दान काउंटर पर तैनात कर्मचारियों, बैंक कर्मियों व दान राशि की गणना के लिए नियुक्त कर्मचारियों से पूछताछ कर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी रही। जांच के दौरान पहले से चिन्हित आरोपियों से भी दोबारा सवाल-जवाब किए जाने की तैयारी है, ताकि उनके बयानों का मिलान उपलब्ध साक्ष्यों से किया जा सके। सूत्रों के अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से उपलब्ध कराई गई सीसीटीवी फुटेज भी जांच के केंद्र में है। एसआईटी अधिकारी फुटेज के आधार पर दान राशि के संग्रहण, गणना और जमा करने की प्रक्रिया का परीक्षण कर रहे हैं। मामले से जुड़े दस्तावेजों और कर्मचारियों के बयानों का भी मिलान किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद टीम अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।