दीपोत्सव के लिए सरयू किनारे राम की पैड़ी और अन्य स्थानों पर 28 लाख दीये सोमवार की शाम तक सज गए। इसे सजाने में 30,000 स्वयंसेवकों ने भागीदारी की। मंगलवार को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम राम की पैड़ी के 55 घाटों पर सजे इन दीपों की गणना करेगी। यह गणना बिछाए गए दीपों की होगी। इसके बाद 30 अक्तूबर को दीपोत्सव की शाम जब यह दीये एक साथ जलेंगे तो फिर से ड्रोन के माध्यम से गणना के बाद नया विश्व रिकॉर्ड बनेगा। राम की पैड़ी के साथ चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल पर भी दीपों को सजाया गया है। इसी के साथ दीपोत्सव के लिए रामनगरी को संवारने का काम अब अंतिम दौर में है। रामपथ, धर्मपथ और भक्ति पथ पर तोरण द्वार के साथ सजावट की जा रही है। राम मंदिर के मुख्य प्रवेश मार्ग के साथ अन्य गेटों पर तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। सभी प्रमुख मार्गों पर रंग बिरंगी लाइटिंग की गई है। पूरी अयोध्या दीपोत्सव के लिए बहुरंगी सजावट से रोशन हो गई है।