अयोध्या में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से सेल्फी विद लाभार्थी अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रदेश की 18 महिलाओं को सम्मानित किया गया। भाजपा की जिन महिला नेत्रियों ने लाभार्थियों के साथ सबसे ज्यादा सेल्फी लेकर भाजपा की वेबसाइट पर अपलोड किया, उनको भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं, दूसरी तरफ मीडिया से बातचीत में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ममता सरकार नहीं चला रही है बल्कि गुंडों को पाल रही हैं। पश्चिम बंगाल में लगातार महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं लेकिन ममता सरकार नहीं चला रही हैं बल्कि गुंडों को पाल रही हैं। उनके मन में महिलाओं के लिए कोई ममत्व नहीं है। सेल्फी विद लाभार्थी अभियान को लेकर कहा कि यह एक वर्ष का अभियान था। इसमें पूरे देश की एक करोड़ से अधिक सेल्फी लेकर वेबसाइट पर अपलोड किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश की रीना चौरसिया ने चार लाख से अधिक लाभार्थियों के साथ सेल्फी लेकर अपलोड किया है। दूसरे नंबर पर इंदु शर्मा रहीं, जिन्होंने 3.30 लाख सेल्फी लेकर वेबसाइट पर अपलोड किया है। इन्हे सम्मानित किया गया।