रामनगरी में अयोध्या विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टेढ़ी बाजार स्थित शबरी रसोई को सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह फूड कोर्ट गुजरात की कवच ग्लोबल कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा संचालित किया जा रहा था, जिसने प्राधिकरण से लीज पर यह स्थान लिया था। प्राधिकरण के जन सूचना अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, कंपनी पर कुल 3 करोड़ 69 लाख रुपए का बकाया था। बार-बार नोटिस देने के बावजूद जब बकाया जमा नहीं किया गया, तब यह कार्रवाई की गई। शबरी रसोई पर अकेले 1 करोड़ 57 लाख रुपए का बकाया था, जबकि गुप्तार घाट फूड कोर्ट पर 95 लाख और सूर्यकुंड स्थित फूड कोर्ट पर 1 करोड़ 17 लाख रुपए बकाया हैं। बताया जा रहा है कि कंपनी अयोध्या में कुल चार फूड कोर्ट संचालित कर रही है। इससे पहले भी श्रद्धालुओं से मनमानी वसूली के आरोप में कंपनी को नोटिस दिया जा चुका था। फिलहाल शबरी रसोई को सील कर दिया गया है, और प्राधिकरण ने साफ चेतावनी दी है कि यदि बाकी बकाया जल्द जमा नहीं किया गया, तो अन्य फूड कोर्ट पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया जाएगा।