अगहन शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि छह दिसंबर को है। इस मौके पर अयोध्या में उल्लास छलक रहा है। मंगल गीत गूंज रहे हैं। अयोध्या में भगवान श्रीराम और सीता का विवाह होगा। इसके लिए चार दिनों से उत्सव चल रहा है। आज अयोध्या के 12 मंदिरों में हाथी, घोड़े और बग्घी के साथ कई प्रांतों के बैंड की धुनों के बीच शहनाई गूंजेगी। इस उल्लास में डूबी अयोध्या के दशरथ महल, कनक भवन, रंग महल, जानकी महल ट्रस्ट और रामहर्षण कुंज के साथ हनुमत निवास मंदिरों से रामबारात निकलेगी। बारात नगर भ्रमण करेगी। आरती और पुष्प वर्षा से स्वागत किया जाएगा। दशरथ महल में विभिन्न आयोजन हो रहे हैं। मंदिर में सुबह से ही आनंद छाया हुआ है। महंत देवेंद्र प्रसादाचार्य मगन है। कलाकार नृत्य कर रहे हैं तो वो न्योछावार बांट रहे हैं। बारात शाम को पांच बजे निकलेगी। आचार्य पीठ लक्ष्मण किला में मिथिला से आई सखियों में मीरा, युगल प्रिया आदि के मंगल गीत गुंजायमान रहे। यहां सीता जी की हल्दी और मटकोर की रस्म बेहद भाव पूर्ण ढंग से मनाई गई। किशोरी जी का पैर पूजन कर उनसे नेग बंटवाया गया।