अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास के जन्मदिवस पर पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी नेता तेज नारायण पांडेय (पवन पांडेय) ने उनसे भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मीडिया से बातचीत में राम मंदिर की दान पेटिका से जुड़े कथित अनियमितता के मामले पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए पांडेय ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को इस प्रकरण की जानकारी पहले इसलिए मिली क्योंकि भगवान राम ने स्वयं उन्हें जानकारी दी। एसआईटी जांच पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग स्वयं दोषी हैं, वे निष्पक्ष जांच कैसे कर सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए पांडेय ने कहा कि यदि इतनी बड़ी घटना हुई है तो यह पूरे तंत्र और व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। कारसेवकों पर गोलीकांड के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जिन्होंने गोली चलवाई, आज वही लोग मंदिर निर्माण व्यवस्था में महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर रहे हैं।