रामनगरी में राष्ट्रीय महिला आयोग के साथ देश के सभी राज्यों के महिला आयोग की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्यों का जमावड़ा हुआ। अवध विश्वविद्यालय के सभागार और सिविल लाइंस के एक होटल में तीन दिवसीय महिला जनप्रतिनिधियों और आयोग पदाधिकारियों के प्रशिक्षण का आयोजन भी किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि राज्य महिला आयोग के पास बहुत से अधिकार हैं। इसके माध्यम से अंतिम महिला तक पहुंच कर उन्हें सशक्त किया जा सकता है। उन्होंने विवाह पूर्व संवाद केंद्र की आवश्यकता को महसूस किया। उन्होंने कहा कि विवाह उपरांत व्यवधान न हो, इसलिए पहले ही उचित काउंसिलिंग का समाधान पुरुष व महिलाओं को मिलना चाहिए। विवाह के बाद विवाद न हो इसलिए पहले ही संवाद से महिला और पुरुष को आपस की बातें समझ लेनी चाहिए। महिलाओं की ओर से महिला आयोग को गलत सूचना दिए जाने और पुरुषों को प्रताड़ित किए जाने के सवाल पर विजया रहाटकर ने कहा कि गलत औरतों का समर्थन नहीं करना चाहिए। गलत महिलाओं की गलती की वजह से और महिलाएं भी बदनाम होती हैं। ऐसी महिलाओं को बख्शना नहीं चाहिए। गलत कामों का कभी समर्थन नहीं करना चाहिए।