अयोध्या। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के आरक्षण अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। शहर के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत कई विभागों की भर्तियों में आरक्षण नियमों की अनदेखी की गई। उन्होंने दावा किया कि 22 विभागों में भर्ती प्रक्रिया के दौरान वंचित वर्गों का हक छीना गया। सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने भी आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि सपा इस मुद्दे को प्रदेशभर में प्रमुखता से उठाएगी। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की ओर से दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा सांसद ने कहा वह घबराए हुए हैं और पागल हो गए हैं जो स्वयं अपनी सीट न जीत सके वह क्या कहेंगे।