मिल्कीपुर उपचुनाव में मंगलवार को चुनाव प्रचार में उतरे सपा के स्टार प्रचारक सांसद धर्मेंद्र यादव ने खिहारन गांव में जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि मिल्कीपुर का चुनाव जीतने के लिए भाजपा षड़यंत्र कर रही है। सपा कार्यकर्ताओं के ऊपर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। मिल्कीपुर मित्रसेन यादव की धरती है। यहां के स्वाभिमानी लोग हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़ते रहे हैं और पांच फरवरी को बिना डरे भाजपा को हराने के लिए वोट डालने जाएंगे। उन्होंने छुट्टा पशुओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस उपचुनाव में मुख्यमंत्री ने कई सभाएं की हैं। इस उपचुनाव की जिम्मेदारी भी स्वयं ले रखी है। उपचुनाव के प्रभारी प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री बनाए गए हैं तो उनसे पूछिए कि मिल्कीपुर की जनता को छुट्टा जानवरों से निजात कब मिलेगी। जनसभा में सांसद धर्मेंद्र यादव के साथ सेल्फी लेने के लिए युवाओं की भीड़ के कारण कुछ समय के लिए अव्यवस्था का माहौल रहा। जनसभा को पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव, तेज नारायण पांडेय पवन, विधायक नसीम सोलंकी, सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद, जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, महासचिव बख्तियार खान, लीलावती कुशवाहा, फिरोज खान गब्बर, जय सिंह यादव, बाबूराम गौड़, विश्राम रावत, मोहित यादव, शोएब खान, धर्मेंद्र सोलंकी, शावेज़ जाफरी, महंत बाल योगी, रक्षाराम शमशेर यादव, गोपीनाथ वर्मा, हरिशंकर छोटू, पृथ्वीराज यादव, इंद्रसेन यादव, शिव शंकर यादव, सुनील कोरी व रामतेज यादव ने भी संबोधित किया।