तांत्रिक की हत्या का इनायतनगर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। झाड़ फूंक के चक्कर व तांत्रिक के घर में रात में बेटी को पाए जाने पर तांत्रिक की पिता रोहित चौरसिया ने धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। आरोपी रोहित को तांत्रिक पर झाड़ फूंक कर परिवार को बीमार करने की शंका थी। इसके साथ ही रात में बेटी को तांत्रिक के घर झाड़ फूंक कराते देख तैश में आकर हत्या कर दी थी। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि सात अप्रैल की रात उसकी बेटी तांत्रिक के घर आ गई थी। इसके बाद उसके पिता की नींद खुली तो वह भी पीछे पीछे चला आया और देखा कि उसकी बेटी तांत्रिक के घर में मौजूद थी। तैश में आकर रोहित ने वहीं पर पड़े बांके से ताबड़तोड़ वार कर दिया जिससे तांत्रिक की मौत हो गई। एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपी रोहित चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर जिस हथियार से तांत्रिक की हत्या की गई थी, उसको भी बरामद कर लिया गया है। पूरा मामला थाना इनायतनगर के डोभियारा गांव का है, जहां पर तांत्रिक राज बहादुर यादव उर्फ बाबा बेचन दास गांव में रहकर झाड़ फूंक का काम करता था। आरोपी की बेटी का झाड़फूंक उसकी हत्या की वजह बनी। कहीं न कहीं आरोपी रोहित को शक था कि तांत्रिक बाबा बेचन दास का उसकी बेटी से नाजायज संबंध हो गया था। तांत्रिक के घर में देर रात बेटी को पाए जाने पर आरोपी रोहित चौरसिया आग बबूला हो गया। इसके बाद उसने तांत्रिक की हत्या कर दी थी।