अयोध्या में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर चौक स्थित अमर जवान मंगल पांडेय शहीद स्मारक पर युद्ध में शहीद हुए 527 अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर जितेंद्र शर्मा व विशिष्ट अतिथि सीआरपीएफ के कमांडर सतीश कुमार दुबे ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीरों को नमन किया। इस अवसर पर तीन वीर नारियों लाली देवी, रानी देवी और कारगिल की वीरांगना शीला पांडेय को 10,000-10,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। युद्ध वीरों को मान पत्र व सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं जल पुलिस के तीन जवानों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सराहा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रीतम सिंह ने की। जबकि समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन ओम प्रकाश सिंह नाहर ने किया। शहीदों की स्मृति में आयोजित इस समारोह ने देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया।