यूपी के अयोध्या में कानून-व्यवस्था को लेकर सपा सांसद अवधेश प्रसाद 27 फरवरी को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। सपा सांसद ने बताया कि जनपद में कई घटनाएं हुई है, एक दर्जन से ज्यादा जघन्य घटनाएं हुई हैं। सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। इन सभी घटनाओं को लेकर जिला मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी धरना-प्रदर्शन करेगी। वहीं, दूसरी तरफ मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर अवधेश प्रसाद ने कोर्ट में जाने की बात कही है। महाकुंभ पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने महाकुंभ को कलंकित किया है और यह कलंक कभी बीजेपी सरकार धुल नहीं पाएगी। सांसद ने कहा कि मिल्कीपुर उपचुनाव में लूट नहीं डाका पड़ा है। यह हिंदुस्तान की पहली घटना है जिसमें सरकारी पीठासीन अधिकारियों ने खुल्लम-खुल्ला वोट डाले हैं। सभी पीठासीन अधिकारियों को दो-दो सौ वोट डालने का टारगेट दिया गया था। बाहरी गुंडे भी बुलाए गए थे। मेरे पास इन सभी चीजों का सबूत है और ऐसे सबूत हैं कि कोर्ट में सब नप जाएंगे। मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटायेंगे। मुझे कोर्ट पर भरोसा है। महाकुंभ को लेकर अवधेश प्रसाद ने कहा कि सपा की सरकार में भी महाकुंभ का आयोजन हुआ था। एक चिड़िया भी नहीं दबी थी और इस महाकुंभ में असंख्य लोगों की जान गई है। महाकुंभ में हिंदू धर्म और सनातन धर्म का खुलकर अपमान हुआ है। यह मैं नहीं कह रहा हूं, यह बातें एक शंकराचार्य ने कही है। भाजपा सरकार ने महाकुंभ को कलंकित किया है और भाजपा सरकार इस कलंक को कभी धुल नहीं पाएगी।