अयोध्या में होमगार्ड भर्ती लिखित परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अनुसार, 10 परीक्षा केंद्रों पर कुल 4032 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 3248 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 784 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में कुल उपस्थिति 80.56 प्रतिशत दर्ज की गई। सभी केंद्रों पर सुबह 9:30 बजे तक प्रवेश पूर्ण कर गेट बंद कर दिए गए और इसके बाद किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। परीक्षा के दौरान सीसीटीवी निगरानी, बायोमैट्रिक सत्यापन और सघन तलाशी की व्यवस्था लागू रही। केंद्रों के बाहर 50 मीटर के दायरे में भीड़ एकत्र होने पर रोक लगाई गई थी।