रामनगरी अयोध्या में इन दिनों ड्रोन और चोरों की अफवाहों ने हालात तनावपूर्ण बना दिए हैं। ग्रामीण अफवाहों के शिकार होकर राहगीरों और मंदबुद्धि व्यक्तियों के साथ हिंसक बर्ताव कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से आसमान में उड़ते ड्रोन को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलीं। इन अफवाहों ने गांवों में भय का माहौल खड़ा कर दिया है। नतीजा यह हुआ कि निर्दोष लोग ग्रामीणों की भीड़ का शिकार बन गए। कभी किसी राहगीर को, तो कभी किसी मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति को ग्रामीण घेरकर पेड़ से बांध देते हैं और पिटाई कर देते हैं। बाद में मालूम पड़ता है कि वह चोर नहीं, बल्कि निर्दोष व्यक्ति था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस एक्शन में आ गई है। डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अब तक विभिन्न थाना क्षेत्रों से 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था में सहयोग करें। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति ड्रोन या ऑनलाइन खरीदे गए खिलौना ड्रोन उड़ाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।