अयोध्या। बारिश का मौसम शुरू होने से पहले ही बेनीगंज क्रॉसिंग से देवकाली जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। सड़क पर जमा गंदा पानी स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। स्थानीय निवासी गौरव यादव ने बताया कि यह समस्या पिछले लगभग तीन वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि कई दिनों तक पानी जमा रहने से संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो बारिश शुरू होने पर हालात और खराब हो जाएंगे। बरसात के दौरान पानी घरों तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।