मिल्कीपुर में 30 जनवरी को सपा की स्टार प्रचारक सांसद डिंपल यादव के रोड शो में सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर अराजकता की। कई मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त किया तो एक गरीब की फास्ट फूड की दुकान भी तोड़ डाली। कुमारगंज के स्थानीय दुकानदार ने बताया कि उनकी मोमोज की दुकान थी। सपा के अराजक कार्यकर्ताओं ने उनकी मेज को गिरा दिया। उनकी मोमोज की दुकान ध्वस्त कर दी। उनका लगभग चार हजार रुपये का नुकसान हुआ है। यही नहीं कुमारगंज से निकले रोड शो के दौरान अराजक सपा कार्यकर्ताओं ने सड़क के किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों को भी गिरा दिया जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गईं। आठ किमी के रोड शो के दौरान लगभग चार घंटे रायबरेली हाईवे जाम रहा। इसको लेकर स्थानीय जनता परेशान भी हुई। आखिरकार अयोध्या पुलिस ने अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है। सपा कार्यकर्ताओं पर आरोप है कि अनुमति से ज्यादा वाहन का प्रयोग किया गया। हाईवे जाम किया गया जिससे लोगों को परेशानी हुई।