महाकुंभ के दौरान अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। ऐसे में 24 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षा भी शुरू हो रही है। सबसे बड़ी चुनौती अयोध्या धाम के परीक्षा केंद्रों में परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों के सामने आएगी। अयोध्या धाम में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें तुलसी बालिका इंटर कॉलेज, शिवदयाल जायसवाल इंटर कॉलेज और महाराजा इंटर कॉलेज शामिल हैं। डीआईओएस डॉ. पवन तिवारी ने बताया कि तीनों परीक्षा केंद्रों पर नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। यह सभी अधिकारी बैरियर पर मौजूद रहेंगे और परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में मदद करेंगे। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा देने के लिए परीक्षार्थी चार पहिया वाहन से बचें। दो पहिया वाहन का ही प्रयोग करें। इसके साथ ही अपने स्कूल के यूनिफॉर्म में जाएं ताकि सुरक्षा बलों को लगे कि परीक्षार्थी परीक्षा देने जा रहे हैं। कहीं भी कोई दिक्कत आए तो सुरक्षा कर्मियों को अपना प्रवेश पत्र दिखाएं। सुरक्षाकर्मियों से समन्वय बनाने के लिए तीनों परीक्षा केंद्रों के नोडल अधिकारी संपर्क में रहेंगे। डीआईओएस ने कहा कि इस समय अयोध्या धाम में भारी भीड़ के चलते चारों ओर नाकाबंदी है। ऐसे में परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर कैसे पहुंचेंगे, इसको लेकर शिक्षा विभाग ने पूरी तैयारी की है। सभी परीक्षार्थियों से कहा गया है कि अपने घर से समय से पहले निकलें ताकि वह परीक्षा केंद्र पर सुगमतापूर्वक पहुंच सके। सोमवार से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू हो रही है। प्रथम पाली में हाईस्कूल व द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा होगी। हालांकि प्रयागराज में महाकुंभ के चलते 24 फरवरी की परीक्षा टाल दी गई है,l। अयोध्या में भी परीक्षा टालने की मांग की गई थी लेकिन यहां पर परीक्षा नहीं टाली गई।