श्रीराम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र बैठक के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। शनिवार को बैठक से पहले मीडिया से बातचीत कर मंदिर निर्माण से जुड़ी कई अहम जानकारियां साझा कीं। नृपेंद्र मिश्र ने संकेत दिया कि आगामी राम नवमी के बाद सप्तर्षि मंदिरों के दर्शन आम श्रद्धालुओं के लिए खोले जा सकते हैं। इसके लिए आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नृपेंद्र मिश्र ने स्पष्ट किया कि राम मंदिर का मुख्य निर्माण कार्य अब लगभग पूर्ण हो चुका है। इसके साथ ही ट्रस्ट अब परियोजना से जुड़े करीब 50 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन समीक्षा कर रहा है, ताकि शेष कार्यों को तय समयसीमा में पूरा किया जा सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वेंडरों के भुगतान, निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जांच और सभी प्रक्रियाओं के अनुपालन पर विशेष फोकस किया जा रहा है। ट्रस्ट का लक्ष्य है कि अप्रैल माह के अंत तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं। निर्माण कार्य में लगी प्रमुख कंपनियां भी अप्रैल के अंत तक अपना कार्य पूर्ण कर परियोजना से वापस लौटेंगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर में बाउंड्री वॉल का निर्माण तेजी से जारी है। इसके अलावा पूरे परिसर में 25 अत्याधुनिक सुरक्षा टावर भी बनाए जा रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। राम मंदिर परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।