समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल शनिवार को अयोध्या पहुंचे। यहां पार्टी कार्यालय में आयोजित अधिवक्ता सभा के मनोनयन पत्र वितरण समारोह में उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मनोनयन प्रमाण पत्र सौंपे। समारोह में सपा कार्यकर्ता और अधिवक्ता मौजूद रहे। इस मौके पर श्याम लाल पाल ने कहा कि अधिवक्ता सभा की भूमिका लोकतंत्र की रक्षा में बेहद महत्वपूर्ण है। आज देश में लोकतंत्र की हत्या करने वाले लोग सत्ता में काबिज हैं। ऐसे समय में समाजवादी अधिवक्ता सभा सबसे आगे खड़े होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने इस लड़ाई को और मजबूत करने का आह्वान किया। बिहार विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में निष्पक्षता बिल्कुल नहीं रही। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ‘निष्पक्षता’ शब्द का अर्थ ही नहीं जानती। उन्होंने कहा कि विपक्षी आवाजों को दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए खतरा है और देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में पाल ने भरोसा जताया कि अधिवक्ता सभा आने वाले समय में संगठन को और भी मजबूती देगी और लोकतंत्र बचाने की इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाएगी।