यूपी के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर विभागीय समीक्षा के लिए अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर आरोप लगाते हुए गैस, पेट्रोल-डीजल की किल्लत को प्रतिपक्ष का प्रोपेगेंडा बताया। मंत्री ने कहा कि देश में कहीं भी गैस या पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, बल्कि विपक्ष ने साजिश के तहत एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर लाइन लगवाकर भ्रम फैलाया है। उन्होंने कहा कि बयानबाजी के जरिए जनता को गुमराह कर कृत्रिम संकट पैदा करने की कोशिश की गई। अनिल राजभर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद भारत में हालात पूरी तरह नियंत्रित हैं और सरकार जनता को राहत देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर पिछड़ों के शोषण का आरोप लगाया और 2027 के चुनाव में भाजपा की पुनः सरकार बनने का दावा किया।