अयोध्या में मां कामाख्या धाम नगर पंचायत में सफाई कर्मचारियों ने वेतन कटौती का आरोप लगाते हुए चेयरमैन शीतला प्रसाद शुक्ला का घेराव कर विरोध जताया। इस दौरान कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें आज तक यह स्पष्ट नहीं बताया गया कि उनका मानदेय कितना निर्धारित है और हर माह किस आधार पर पैसे काट लिए जाते हैं। कर्मचारियों ने एक कर्मचारी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। मौके पर कुछ देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। बाद में चेयरमैन शीतला प्रसाद शुक्ला ने कर्मचारियों को शांत कराते हुए कहा कि उनसे किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई लिखित शिकायत देगा तो मामले का समाधान कराया जाएगा। इस दौरान सफाई कर्मचारियों की ओर से पक्ष रख रहे युवक आनंद गिरी से भी उनकी कहासुनी हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।