अयोध्या में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस योजना के तहत सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर, खंडासा और हैरिंगटनगंज में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 200 गर्भवती महिलाओं ने प्रसव पूर्व जांच कराई। जांच के दौरान 22 महिलाएं उच्च जोखिम गर्भधारण की श्रेणी में पाई गईं। सीएचसी मिल्कीपुर में 91 महिलाओं का पंजीकरण हुआ, जिनमें 10 हाई रिस्क श्रेणी में मिलीं। खंडासा में 67 महिलाओं की जांच हुई, जहां 10 महिलाएं उच्च जोखिम श्रेणी में पाई गईं। वहीं हैरिंगटनगंज में 42 महिलाओं की जांच की गई, जिनमें दो महिलाएं हाई रिस्क श्रेणी में मिलीं। चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को बेहतर खानपान, नियमित जांच और सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूक किया। कई महिलाओं को अल्ट्रासोनोग्राफी, हीमोग्लोबिन व अन्य जांच की सलाह दी गई तथा खून की कमी वाली महिलाओं को आयरन उपचार भी दिया गया।