फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या में सरयू का जलस्तर 92.62 मीटर पहुंचा, खतरे के निशान से महज 11 सेंटीमीटर दूर

अयोध्या में रुदौली तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को नदी का जलस्तर 92.62 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 92.73 मीटर है। ऐसे में नदी खतरे के निशान से महज 11 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों में ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। रूदौली तहसील प्रशासन की ओर से क्षेत्र में तीन सरकारी नावों की व्यवस्था किए जाने का दावा किया जा रहा है। वहीं कैथी मांझा गांव के ग्रामीणों का कहना है कि गांव में तहसील प्रशासन की ओर से नाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों के मुताबिक सरयू का पानी गांव के चारों तरफ बढ़ रहा है और खेतों तक पानी पहुंच चुका है। इसके बावजूद आवागमन के लिए सरकारी स्तर पर नाव की व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जलस्तर बढ़ने के साथ गांव से बाहर आने-जाने में परेशानी बढ़ रही है। बच्चों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के छात्र आशीष ने बताया कि वह कैथी मांझा से पढ़ने के लिए पस्ता स्थित निजी स्कूल जाता है। सरकारी नाव की व्यवस्था नहीं होने के कारण उसे निजी नाव का सहारा लेकर आवागमन करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में तत्काल सरकारी नाव उपलब्ध कराने और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की है। वहीं इस संबंध में एसडीएम विनोद गुप्ता से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने मामले में कुछ भी कहने से परहेज किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें