अयोध्या में रसोई गैस सिलिंडर की समस्या को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को विभिन्न गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई उपभोक्ता सुबह 5 बजे से ही लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे, लेकिन गैस वितरण की प्रक्रिया करीब 9 बजे se शुरू हो सकी। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उनके मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से गैस सिलिंडर की डिलीवरी दिखा दी जाती है, जबकि वास्तविकता में उन्हें सिलिंडर प्राप्त नहीं होता। एजेंसी पहुंचने पर डीएससी नंबर मांगा जाता है, जो कई उपभोक्ताओं को जारी ही नहीं हुआ है। उपभोक्ता आनंद और रामचंद्र ने बताया कि उन्होंने 18 मार्च को गैस बुकिंग कराई थी, लेकिन 27 मार्च तक डीएससी नंबर जारी नहीं हुआ। उन्होंने सुबह 5:30 बजे लाइन में लगकर इंतजार किया, इसके बावजूद उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिल सका और उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा। गैस एजेंसियों की इस अव्यवस्था से आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।