अयोध्या में धर्म सेना भारत ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चोरी और गबन प्रकरण के आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट व राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की मांग उठाई है। संगठन के प्रमुख संतोष दुबे ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपितों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मंदिर से जुड़े कथित आर्थिक अपराधों से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित हुई है। संगठन ने दोषियों की कथित अवैध संपत्ति जब्त कर मंदिर को वापस दिलाने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों को सख्त से सख्त दंड देने की मांग की। साथ ही मंदिर ट्रस्ट को भंग कर नया ट्रस्ट गठित करने की भी मांग ज्ञापन में की गई।