अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था को लेकर राम मंदिर ट्रस्ट ने अहम बदलाव किए हैं। परकोटा के छह नए मंदिरों और सप्तर्षि मंदिर के निर्माण व ध्वजारोहण के बाद अब दर्शन प्रणाली को नया स्वरूप दिया गया है।ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो प्रकार के पास जारी किए हैं—सुगम दर्शन और सामान्य दर्शन। सुगम दर्शन पास के जरिए श्रद्धालु रामलला, राम परिवार और परकोटा के छह मंदिरों के दर्शन कर सकेंगे, जबकि सामान्य दर्शन पास में रामलला, राम परिवार, शेषावतार मंदिर, सप्त मंदिर और कुबेर टीले के दर्शन शामिल हैं।इसके साथ ही एक बड़ा बदलाव यह भी किया गया है कि अब एक पास पर अधिकतम पांच श्रद्धालु ही दर्शन कर सकेंगे, जबकि पहले यह संख्या आठ थी। हालांकि, बढ़ती भीड़ के चलते 8 मई तक सुगम और सामान्य दोनों ही दर्शन के सभी स्लॉट पहले से फुल हो चुके हैं। विशिष्ट दर्शन पास राम मंदिर ट्रस्ट व अधिकारियों की कोटे से जारी होता है, यह सुविधा राम मंदिर ट्रस्ट के वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है। ट्रस्ट का कहना है कि यह बदलाव व्यवस्था में पारदर्शिता और समानता लाने के उद्देश्य से किया गया है।वहीं, श्रद्धालुओं को भारतीय परिधान में दर्शन करने की सलाह भी दी गई है, हालांकि यह अनिवार्य नहीं है। ट्रस्ट के वेबसाइट के अनुसार पुरुष धोती कुर्ता या कुर्ता पजामा और महिलाएं साड़ी व पंजाबी ड्रेस यानी सलवार कुर्ती में दर्शन कर सकती हैं।