रामनगरी अयोध्या एक बार फिर लाखों दीपों से जगमगाने के लिए तैयार है। 19 अक्तूबर को राम की पैड़ी पर होने वाला दीपोत्सव इस बार भव्यता और दिव्यता की नई मिसाल बनने जा रहा है। शुक्रवार से राम की पैड़ी के सभी 56 घाटों पर दीये बिछाने का काम शुरू हो गया है। अवध विश्वविद्यालय, उससे संबद्ध महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों और स्वयंसेवी संस्थाओं के 30 हजार स्वयंसेवक इस सेवा कार्य में जुट गए हैं। इस बार की खास बात यह है कि पहली बार राम की पैड़ी पर पंचमुखी और स्वास्तिक आकार में डिजाइनर दीयों की सजावट की जा रही है। इससे घाटों की शोभा और बढ़ जाएगी। स्वयंसेवक दीयों को बड़े ही अनुशासन और भक्ति भाव से बिछा रहे हैं। यह काम 18 अक्तूबर की शाम तक चलेगा। दीपोत्सव के दिन 19 अक्तूबर को इन दीयों में तेल और बाती डाली जाएगी और फिर शाम ढलते ही जब लाखों दीप एक साथ प्रज्ज्वलित होंगे, तो पूरी अयोध्या दिव्य प्रकाश में नहाएगी। इस बार राम की पैड़ी पर 26 लाख 11 हजार 101 दीप जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा।