रामनगरी अयोध्या में शुक्रवार शाम भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धा और उल्लास के साथ प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा ट्रस्ट की ओर से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। यह यात्रा श्रीजगन्नाथ पुरी की तर्ज पर निकाली जाती है, जो अयोध्या की धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। शाम 6 बजे आरती और पूजन के बाद भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की मूर्तियों को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर भक्तों के दर्शन के लिए यात्रा प्रारंभ हुई। रथयात्रा में बड़ी संख्या में साधु-संत, धर्माचार्य, महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु जन शामिल हुए। भक्तों ने हरि नाम संकीर्तन करते हुए नगर भ्रमण किया और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। रथयात्रा के मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। नगरवासियों और श्रद्धालुओं ने भी विभिन्न स्थानों पर जलपान और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की। अयोध्या की गलियों में घंटा-घड़ियाल और जय श्री जगन्नाथ के उद्घोष के साथ निकली यह यात्रा आस्था, परंपरा और भक्ति का अनुपम संगम बन गई है।